जागरण टुडे, मथुरा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जाएगा। इसी के तहत भाजपा महानगर ने पुष्पांजलि स्थित जिला कार्यालय पर कार्यशाला का आयोजन किया।
कार्यशाला का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य एवं जिला प्रभारी अशोक कटारिया, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, विधायक मेघश्याम सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश बंधु आर्य एवं किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष हीरा सिंह कुंतल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रपट पर दीप प्रज्वलित कर किया।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल राजनीतिक अभियान नहीं है, बल्कि यह जनता से संवेदनशील जुड़ाव और योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने का माध्यम है। जिला प्रभारी अशोक कटारिया ने अभियान की रूपरेखा बताई।
-
17 सितंबर को युवा मोर्चा जिला स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करेगा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना जाएगा।
-
17 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
-
18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री के जीवन पर प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित होगी।
-
19-20 सितंबर को विकसित भारत विषय पर प्रबुद्ध संवाद आयोजित होंगे।
-
21 सितंबर को युवा मोर्चा ‘‘नमो मैराथन’’ का आयोजन करेगा।
-
25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर वृक्षारोपण और गोष्ठियां होंगी।
-
27-28 सितंबर को विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान एवं दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण होगा।
-
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान और खादी वस्त्रों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने की और संचालन पूर्व महामंत्री संजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर डीएन गौतम, पन्नालाल गौतम, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, रामकिशन पाठक, अंकुर अग्रवाल, पवन हिंडोल, नीरू सक्सेना, श्याम शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।