जागरण टुडे, कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गौतम नगर में दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर दी। इस घटना में युवती सहित दो के गोली लगी है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। घायलो को उपचार के लिए भर्ती कराया है।
राजकोल्ड तिराहा स्थित गौतम नगर में कुंवरपाल उर्फ भूरे यादव और महेश यादव का आमने सामने मकान है। दोनों ही पटियाली थाना क्षेत्र के गांव करनपुर के रहने वाले हैं। यहां आकर दोनो ने अपने मकान बनाकर रहने लगे हैं। रविवार की रात लगभग नौ बजे दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष लाठी डंडा लेकर आमने सामने आ गये। मारपीट करने लगे। इसी बीच भोला यादव ने अपने पिता की लाइसेंसी रायफल निकाल कर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में रोहित यादव और उसकी बहन शिवानी के गोली लगी है, जबकि दूसरे पक्ष से भूरे यादव, राहुल यादव, भोला यादव घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षो से घायल हुए पांचों लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। शिवानी और रोहित को बेहतर उपचार के अलीगढ रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राजेश भारती, सीओ आंचल चौहान, कोतवाल प्रवेश राणा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके से साक्ष्यो को एकत्रित कर रायफल को कब्जे में लिया है। एएसपी राजेश भारती ने बताया दो पक्षों विवाद के बाद एक पक्ष ने गोली चला दी। दो लोगों को हिरासत में लिया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।