समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने उठाया मुद्दा
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने उठाई कार्रवाई की मांग
जागरण टुडे, कासगंज।
सपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता/समाजसेवी एडवोकेट अब्दुल हफीज गांधी ने एक अहम मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि कासगंज जनपद के कई गांवों में लंबे समय से एक खतरनाक और अमानवीय अवैध धंधा चल रहा है। लोग खेतों के किनारे लोहे के तार डालकर उन पर सीधे 11,000 वोल्ट का विद्युत करंट छोड़ते हैं। यह कोई फसल बचाने का उपाय नहीं है,बल्कि जान-बूझकर किया जाने वाला बेजुबान जानवरों के शिकार का तरीका है, जिससे जंगली जानवर जैसे सूअर आदि करंट से मर जाते हैं और फिर उनके मांस का धंधा शुरू होता है। इस मांस को न सिर्फ लोग खुद खाते हैं बल्कि इसे बाहर भी बेचा जाता है। इस तरह यह केवल एक अपराध नहीं बल्कि संगठित तरीके से चल रहा अवैध बिजनेस है।जिसमें इंसानियत और कानून दोनों की धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विगत दिनों एक लालमियां नाम के व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है।
अगर हम जागरूक रहेंगे और आवाज उठाएंगे तो किसी और लाल मियां को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ेगी। अब समय आ गया है कि इस जिले से इस अमानवीय और अवैध धंधे का पूरी तरह से खात्मा किया जाए। यह केवल एक अवैध प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मासूम जिंदगियों को बचाने की मुहिम की शुरुआत है।