सांसद हेमा मालिनी ने जनपद के शरणालयों में जाकर बाढ़ पीड़ितों का हालचाल लिया और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह भी मौजूद रहे।
सांसद हेमा मालिनी और जिलाधिकारी के लक्ष्मी नगर स्थित सुभाष इंटर कॉलेज शरणालय में पहुंचने पर बाढ़ प्रभावित महिलाओं ने उनका स्वागत भजन-कीर्तन सुनाकर किया। निरीक्षण के दौरान सांसद और जिलाधिकारी ने राहत केंद्र में रह रहे बच्चों को केला, चॉकलेट और बिस्किट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
सांसद ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा और किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने प्रभावित लोगों से कहा कि यदि राहत कार्यों में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे तत्काल उप जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) या जिलाधिकारी से संपर्क करें।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बाढ़ पीड़ित परिवारों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने भी पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि किसी भी परिवार को असुविधा न हो।