रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मथुरा–पलवल रेल खंड के वृंदावन रोड स्टेशन पर कवच फील्ड प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) श्री कुलदीप मीना के निर्देशन में 11 सितंबर 2025 को संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में कुल 12 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें भूतेश्वर, वृंदावन रोड और अझई स्टेशन के स्टेशन मास्टर शामिल थे। प्रत्येक स्टेशन से 4 कर्मचारियों को कवच प्रणाली की कार्यप्रणाली और इसके महत्व की गहन जानकारी दी गई।
इन बिंदुओं पर दिया गया प्रशिक्षण
कवच प्रणाली की कार्यक्षमता – कर्मचारियों को बताया गया कि यह तकनीक ट्रेन संचालन को सुरक्षित और दक्ष बनाती है।
एसएमओसीआईपी कार्यप्रणाली – स्टेशन मास्टर ऑपरेशन कंट्रोल इंटरफेस प्रोटोकॉल की तकनीकी जानकारी दी गई।
एसओएस जनरेशन और रिसेप्शन – आपातकालीन स्थिति में SOS (Save Our Souls) संदेश जनरेट और रिसीव करने की प्रक्रिया सिखाई गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कवच प्रणाली भारतीय रेलवे की सुरक्षा को नई दिशा दे रही है। यह स्वदेशी रूप से विकसित ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) तकनीक है, जो ट्रेन की गति नियंत्रित करती है और संभावित टक्कर की स्थिति में स्वतः ब्रेक लगा देती है। यह प्रणाली पीछे से टक्कर (Rear End Collision) और आमने-सामने की टक्कर (Head-on Collision) दोनों को रोकने में सक्षम है।
मथुरा-पलवल रेल खंड में कवच का सफल परीक्षण हो चुका है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण सत्र कर्मचारियों को नवीनतम तकनीकों से अपडेट रखने और संचालन में अधिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में मददगार हैं। प्रशिक्षण के दौरान सेक्शनल टीआई (ट्रैफिक इंस्पेक्टर) भी मौजूद रहे।