जागरण टुडे, मथुरा/ वृंदावन
वृंदावन स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र के सभागार में प्रभारी मंत्री बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह ने बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हाल ही में यमुना का जलस्तर 167.68 मीटर तक पहुंच गया था, जिससे जनपद के 58 गांव प्रभावित हुए। इनमें से 18 गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बनाए गए बाढ़ शरणालयों में शिफ्ट कर दिया गया। करीब 5400 लोगों को शरणालयों में समस्त आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
राहत कार्यों के तहत अब तक 12,200 लंच पैकेट और 1500 राशन किट का वितरण किया गया है। साथ ही लगभग 650 पशुओं को भी सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने 23 मेडिकल टीम, 12 एंबुलेंस और 19 वाहनों को राहत व खोज कार्य में लगाया है। इसके अलावा 5 मोटर बोट और 31 गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। जनपद में कुल 25 बाढ़ शरणालय स्थल/शेल्टर होम स्थापित किए गए हैं, जिनमें रूहानी आश्रम, विशाल मैरिज होम, सुबटी देवी इंटर कॉलेज, गुरुकुल विश्वविद्यालय और श्री गीता धर्मशाला प्रमुख हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन परिवारों ने अपने घरों में रहना चुना है, उन्हें नावों के माध्यम से भोजन, दूध और पानी पहुंचाया जा रहा है। साथ ही प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए सर्वे कार्य जारी है।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा छिड़काव हो और पारदर्शिता के साथ फसलों व मकानों का सर्वे कर मुआवजा दिया जाए।
बैठक के बाद मंत्री संदीप सिंह ने गुरुकुल विश्वविद्यालय और सुबटी देवी इंटर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ शरणालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मेडिकल कैंप का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को भोजन वितरण किया। बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट और फल भी बांटे।
इसके अलावा मंत्री ने वृंदावन स्थित अक्षय पात्र फाउंडेशन की रसोईघर का निरीक्षण कर खाने की गुणवत्ता और मशीनों की कार्यप्रणाली देखी। गोशाला जाकर गोवंश को हरा चारा खिलाया।