जागरण टुडे, गुड्डू यादव
कासगंज।
जिले में एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस और 25 हजार के इनामी अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार रात क्षेत्राधिकारी क्राइम अमित कुमार और सीओ शाहिदा नसरीन के नेतृत्व में सहावर थाना प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी व सुन्नगढ़ी थाना प्रभारी उमाशंकर टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नगला मोहन से गढ़का मार्ग पर बिना नंबर की बाइक से आ रहा एक युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
घायल अपराधी की पहचान शिवकुमार निवासी गांव भावरू की मढ़ैया, थाना जुनवाई, जिला संभल के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई।
एएसपी राजेश भारती के अनुसार, शिवकुमार पर दो सहावर में और एक सुन्नगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
---