नगर आयुक्त जग प्रवेश जी ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाटों और निचले इलाकों में जमा सिल्ट, गाद और मिट्टी को हटाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त वार्ड संख्या 63 के मालियन सदर महादेव घाट और वार्ड संख्या 23 अहीर पाड़ा (जमुना बाग क्षेत्र) पहुँचे। यहाँ 6 सफाई कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौके पर वार्ड 63 के पार्षद संजय अग्रवाल और सफाई निरीक्षक विपिन सिंह मौजूद रहे।
इसके बाद नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 65 में बंगाली घाट से लेकर विश्राम घाट तक सफाई कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने तेज गति से सफाई अभियान चलाने, नालियों की गाद हटाने और घाटों को पूरी तरह साफ करने के निर्देश दिए। इस दौरान पार्षद संतोष पाठक और सफाई निरीक्षक राजकुमार लवानिया मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने सभी बाढ़ प्रभावित वार्डों में एंटी-लार्वा स्प्रे और फॉगिंग नियमित कराने के आदेश दिए ताकि किसी भी प्रकार के संचारी रोगों का प्रसार न हो। नगर निगम बाढ़ के बाद शहर में व्यापक सफाई अभियान चला रहा है और अधिकारीगण स्वयं मौके पर जाकर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।