Tuesday, March 31, 2026

Mathura News: मथुरा में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान शुरू

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 17, 2025

Mathura News: मथुरा में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान शुरू

जागरण टुडे, मथुरा

प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चल रहे स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत मथुरा जिले में उत्साहपूर्ण ढंग से की गई। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी उपकेंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, ग्रामीण एवं शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को जिले की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। जिला चिकित्सालय मथुरा में मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीकांत शर्मा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलदेव पर विधायक पूरन प्रकाश, गोवर्धन में विधायक मेघ श्याम, मांट में ब्लॉक प्रमुख सुमन चौधरी और छाता में विधायक प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने अभियान की शुरुआत की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि इस अभियान के तहत उप स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर प्रतिदिन जांच एवं जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सघन जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक और नर्सें निर्धारित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला चिकित्सालयों में रोस्टर के अनुसार विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे, जिनमें गहन स्वास्थ्य जांच, आवश्यक टेस्ट और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अभियान का विशेष फोकस महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर है, ताकि शुरुआती स्तर पर बीमारियों की पहचान कर समय पर उपचार किया जा सके। साथ ही स्वच्छता, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.