विकास श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से वर्चुअल माध्यम से “मिशन शक्ति–5.0” का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम को जनपद बदायूँ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा थानों पर लाइव देखा और सुना गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मिशन शक्ति फेज 5.0 से संबंधित SOP पुस्तिकाओं का विमोचन किया। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों व आमजन को शासन की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें योजनाओं की वास्तविक उपयोगिता से अवगत कराया गया।
आमजन को 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
गणमान्य व्यक्तियों एवं जिले के अधिकारियों ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया और मिशन शक्ति को जनआंदोलन के रूप में सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में यह स्पष्ट रूप से कहा गया कि "मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक संकल्प है हमारी माताओं, बहनों और बेटियों को एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त समाज देने का।"
22 सितम्बर से 21 अक्टूबर 2025 तक यह अभियान विशेष रूप से चलाया जाएगा।