चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव की आशंका, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी; किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर तक तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए शाहजहांपुर जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। 30 अक्टूबर को जिले में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि खराब मौसम के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने आमजन से मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने की अपील की है।
खराब मौसम में पेड़ और बिजली के खंभों से रहें दूर
जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में लोगों को तेज हवाओं, बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम होने पर घरों के अंदर रहें और पेड़ों, बिजली के खंभों तथा अन्य असुरक्षित स्थानों से दूरी बनाए रखें।
तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें। मौसम प्रतिकूल होने पर अनावश्यक यात्रा न करें और सुरक्षित स्थान पर रहने को प्राथमिकता दें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए सतर्क रहें।
किसानों को फसल और कृषि उपज सुरक्षित रखने की सलाह
बेमौसम बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए किसानों को भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने किसानों से तैयार फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की अपील की है।
बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान होने की आशंका रहती है। ऐसे में किसानों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है। कृषि उपज को भीगने से बचाने के लिए उसे सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में कंट्रोल रूम को दें सूचना
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए सतर्क है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दें।
जिला आपदा कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर 05842-351037, 05842-462754 और 05842-351038 पर सूचना दी जा सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और खराब मौसम के दौरान दूसरों को भी सतर्क करें।