प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से आरंभ हुए सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को छाता विधानसभा क्षेत्र के चोमुहा स्थित सीएसआरबी विद्या आश्रम स्कूल में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन हुआ।
इस सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य जिम्मेदार नागरिकों को जोड़कर सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सशक्त बनाना था।
मुख्य अतिथि भारतीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम न बनाकर, सेवा और समाज कल्याण का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि भारत आज जिस तीव्र गति से विकास के पथ पर अग्रसर है, उसका श्रेय मोदी जी की दूरदर्शी नीतियों और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे निर्भय पाण्डे ने कहा कि सेवा के माध्यम से ही समाज को सही दिशा दी जा सकती है और यही राजनीति का वास्तविक धर्म है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक भारत पूरी तरह विकसित राष्ट्र बने और इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने प्रबुद्ध नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, अनुभव और संसाधनों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाएँ।
इस अवसर पर गिर्राज सिंह सिसौदिया, कमल किशोर अग्रवाल, विनोद राणा, देवेंद्र शर्मा, भगत सिंह जादौन, महामंत्री सतपाल चौधरी, अशोक सिसौदिया, पूरन सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज सिसौदिया ने किया और संयोजन मुरारी सिसौदिया ने संभाला।