Thursday, April 2, 2026

Rampur News: महिलाओं ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन, आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ने का लिया संकल्प

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 21, 2025

Rampur News:  महिलाओं ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन, आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ने का लिया संकल्प
जागरण टुडे, रामपुर

जनपद रामपुर में यूनाइटेड विकास समिति के बैनर तले एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को स्क्रीन पर लाइव प्रसारित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी की और प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण, महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि देश तभी आत्मनिर्भर बन सकता है जब हर नागरिक स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प ले। प्रधानमंत्री ने जनता से घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन देने और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में सक्रिय योगदान की अपील की।

यूनाइटेड विकास समिति की अध्यक्ष फरहा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाएँ आज सिर्फ परिवार की धुरी नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति की रीढ़ भी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान में महिलाओं की सक्रिय भूमिका भविष्य को नई दिशा देगी।

कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने प्रधानमंत्री के संदेश से प्रेरित होकर यह संकल्प लिया कि वे स्थानीय व स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगी, घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देंगी और समाज में रचनात्मक बदलाव की पहल करेंगी।
इस मौके पर सरला, पूनम, नेहा, प्रिया, निवेदिता, सुंदर देवी, इमरती समेत अनेक महिलाएँ उपस्थित रहीं। 

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.