उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के गांव धनकपुर में आपसी विवाद होने पर शराबी पति ने डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। महिला अपनी जान बचाकर बेटे के घर जा रही थी। तभी घर के बाहर पति ने उसे घेर लिया और सिर में डंडा मार दिया। महिला का घर से कुछ दूरी पर धान के खेत में पड़ा मिला। मृतका के भाई ने हत्यारोपी बहनोई के खिलाफ तिलहर थाने में तहरीर दी है।
शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र के गांव धनकपुर निवासी कल्याण (70)ने गांव के बाहर खेत पर मकान बना रखा है। वह पत्नी शांति देवी (65) के साथ वहीं रहता था। गांव में बने मकान में उसका पुत्र व परिवार के अन्य लोग रहते हैं। शनिवार की रात कल्याण और शांति देवी बेटे के घर से खाना खाकर अपने मकान में सोने गए।
शराब के नशे में कल्याण का रात में किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। महिला पति से बचने के लिए बेटे के घर जा रही थी। बताते हैं कल्याण ने घर से कुछ दूरी पर धान के खेत के पास उसे घेर लिया और सिर में डंडा मार दिया। शांति देवी बेहोश होकर गिर गई और आरोपी पति भाग गया।
रविवार सुबह 9 बजे ग्रामीण खेत पर जा रहे थे, तभी उन्होंने शांति देवी का शव देखा। उसके सिर से खून बह रहा था। सूचना पर परिवार वाले और पुलिस मौके पर पहुंच गए। मृतका के सिर और अन्य स्थानों पर चोट के निशान मिले। सीओ ज्योति यादव और प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने परिजनों से जानकारी ली।
मृतका के भाई वेदराम ने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने पर कल्याण ने उसकी बहन के सिर में लाठी मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कल्याण को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने इकट्ठा किए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद में महिला की मौत हुई। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की और नमूने लिए। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।