ट्रैफिक नियमों को लेकर योगी सरकार और आला अधिकारी खासे सख्त हैं। इसके लिए शहरों में प्रमुख स्थानों पर सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं। यातायात पुलिस चेकिंग अभियान भी चलाती है। बावजूद इसके लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे। ओवरलोडिंग और दोपहिया वाहनों पर स्टंट करके अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। कासगंज जिले में मंगलवार को एक बाइक पर छह लोगों के सवार होकर जाते देखे गए। खास बात यह कि बाइक सवार युवक खड़े होकर मोटरसाइकिल दौड़ा रहे थे, जिन्हें देखकर लोग दंग रह गए।
सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। इसलिए योगी सरकार हेलमेट के प्रयोग और यातायात नियमों का पालन कराने पर पूरा जोर दे रही है। 30 सितंबर तक नो हेल्मेट और नो फ्यूल का अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है। बावजूद इसके ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ानें का दृश्य हर दिन सड़कों पर नजर आता है। दो पहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के तीन सवारियां बिठाकर फर्राटा भरते रहते हैं।
मंगलवार रात करीब आठ बजे कासगंज से अमांपुर की ओर जा रही एक बाइक पर बिना हेलमेट के छह लोग सवार थे। यही नहीं बाइक पर लोग खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। उन्हें यातायात नियमों और अपनी जान क पुलिस का कोई भय नहीं हो, वह खुले आम फर्राटा भरते हुए अपना सफर तय कर रहे थे। यह कोई जिले में पहला मामला नहीं है, पहले भी नवरात्रों में एक बाइक पर पांच लोग सवार थे, उस समय खबर लगने के बाद यातायात प्रभारी लक्ष्मन सिंह ने बाइक का चालान किया।
इस मामले में यातायात प्रभारी लक्ष्मन सिंह ने बताया यातायात पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया जाता है। नियमों की अनदेखी करने वालों के चालान भी काटे जाते हैं। इन युवकों की बाइक का भी चालान किया जाएगा।
लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस को सख्ती और निगरानी और बढ़ानी चाहिए, ताकि इस तरह की खतरनाक हरकतों पर रोक लग सके और सड़क हादसों से बचा जा सके।