जागरण टुडे रामपुर
रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म खान की रिहाई ने सियासी माहौल में हलचल तेज कर दी है। शनिवार को रामपुर कोर्ट में जुर्माना अदा करने के बाद सीतापुर जेल प्रशासन को कोर्ट से ईमेल भेजा गया। इसके आधार पर अधिकारियों ने तस्दीक की औपचारिकताएं पूरी कीं और आज़म खान को रिहा कर दिया।
सुबह से ही सीतापुर जेल के बाहर उनके समर्थकों का भारी जमावड़ा लगा हुआ था। जैसे ही रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के बीच उनका जोरदार स्वागत किया। आज़म खान कारों के काफिले के साथ सीधे रामपुर के लिए रवाना हो गए। पूरे मार्ग में उनके समर्थक जुलूस की शक्ल में उमड़ पड़े।
रामपुर में भी उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनके आगमन को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं। रिहाई की खबर मिलते ही रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
राजनीतिक हलकों में आज़म खान की रिहाई को बड़े घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। उनके रामपुर लौटने से जिले की सियासत में नई सरगर्मियां तेज होना तय माना जा रहा है।