जागरण टुडे, बरेली
आईएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने मंगलवार को कहा कि पुलिस हमारी शिकायत नहीं सुन रही है। हमारे धर्म और पैगंबर की शान में गुस्ताखी की जा रही है, शिकायत करने जाते हैं तो उल्टा हमारे युवाओं पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 26 सितंबर को प्रदर्शन करने से रोका गया तो शहर का माहौल बिगड़ सकता है।
मौलाना ने कहा कि मुस्लिम नौजवानों पर झूठे मुकदमें दर्ज किए गए हैं। मुसलमान पर कहीं जुल्म हो रहा है, पैगंबर की शान में गुस्ताखी हो रही है। मुसलमान थाने में शिकायत लेकर जाते हैं तो उनकी शिकायत नहीं लिखी जाती। नवरात्र में मीट की बिक्री पर पाबंदी लगा दी गई है। इसका मतलब ये है कि हमारे लिए मीट बिक भी नहीं रहा है, क्योंकि हिंदू समुदाय के लोग नवरात्र में मीट नहीं खाते इसलिए पाबंदी लगाई जा रही है। रामभद्रचार्य के पश्चिमी यूपी को मिनी पाकिस्तान बनाने के बयान पर उन्होंने कहा कि रामभद्राचार्य वही बात कहेंगे जिससे मुल्क के माहौल को नुकसान पहुंचे।
आईएमसी नेता डॉ. नफीस के हाथ काट देने वाले बयान को लेकर कहा कि उनकी भाषा बिल्कुल गलत थी। उन्होंने जो कहा वो ठीक नहीं। लेकिन उस वक्त उन्होंने आई लव मोहम्मद के बैनर उतराने से आक्रोशित मुस्लिम युवाओं को शांत करने के लिए इस तरह की बात की। इसके पीछे उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी।
निराशा में गलत कदम उठा सकते हैं नौजवान
मौलाना ने कहा कि मुसलमान युवा अगर निराशा में कोई गलत कदम उठा लिया तो उसका नुकसान हमारे देश और हमारी कौम को बर्दाश्त करने पड़ेंगे। हमे कत्ल कर दीजिए, लेकिन उनके धर्म में दखलंदाजी नहीं करें। उन्हें आई लव मोहम्मद लिखने से नहीं रोका जाए। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को शांति के साथ वह अपनी बात रखेंगे, जिस तरह पहले की। अगर कोई जबरदस्ती की जाएगी तो माहौल खराब हो सकता है।