विकास श्रीवास्तव
बदायूं – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के 126वें एपिसोड को बदायूं जिले में व्यापक स्तर पर सुना गया। जिले के 2000 से अधिक बूथों पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आमजन के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं के साथ "मन की बात" सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से इस त्योहारी सीजन में स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, "हमें आत्मनिर्भर बनना है और वह रास्ता स्वदेशी अपनाने से ही निकलता है।"
राजीव कुमार गुप्ता ने यह भी बताया कि पीएम मोदी ने गांधी जयंती से पहले खादी उत्पादों की खरीद और उपयोग की अपील की, जो स्वदेशी भावना का प्रतीक है। इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
बदायूं के सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने नगर के बूथ संख्या 159 पर कार्यकर्ताओं के साथ "मन की बात" कार्यक्रम में भाग लिया।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने नगर पालिका प्रांगण में स्थानीयजनों के साथ कार्यक्रम सुना।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने गांव बरामालदेव में ग्रामीणों के साथ पीएम मोदी का संदेश सुना और लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आग्रह किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने दहगवां में और पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक ने अपने सिविल लाइंस स्थित आवास पर "मन की बात" कार्यक्रम को परिवारजनों के साथ सुना।
यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत की ओर एक और मजबूत कदम के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।