किशोरी रमन इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी और टीचर लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह और कॉलेज के प्रधानाचार्य मुरलीधर शर्मा ने किया।
प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान और तकनीक आधारित नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए, जबकि शिक्षकों ने लर्निंग मैटेरियल के माध्यम से पढ़ाई को रोचक और सरल बनाने के आधुनिक तरीके प्रदर्शित किए।
सीनियर वर्ग में गोविंद गोस्वामी (वृंदावन विद्यापीठ इंटर कॉलेज) को वेस्ट मैनेजमेंट और पॉल्यूशन कंट्रोल में प्रथम स्थान मिला। लक्ष्मी (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज) को रिमूवेबल स्मोक अब्जॉर्बर में द्वितीय स्थान दिया गया। वहीं, गौरी (सरदार पटेल इंटर कॉलेज) को चुंबकीय घर में तृतीय स्थान मिला।
जूनियर वर्ग में वीरेंद्र रेड्डी (पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज जैत) ने स्लिप अलार्म सिस्टम फॉर ड्राइवर में प्रथम स्थान हासिल किया। नंदिनी ( राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बलदेव) कोवेस्ट इनर इलेक्ट्रिसिटी जनरेटर में द्वितीय स्थान मिला। वहीं, कपिल ने स्मार्ट हेलमेट में तृतीय स्थान पाया। इसके अलावा कई छात्रों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों ने भी विभिन्न विषयों में टीएलएम प्रस्तुत किए। इनमें हिंदी, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र और अंग्रेजी विषय के मॉड्यूल शामिल रहे। चयनित शिक्षक और छात्र आगामी मंडलीय प्रतियोगिता, आगरा में प्रतिभाग करेंगे।
प्रतिभागियों का मूल्यांकन डॉ. विनोद खंडेलवाल (प्रोफेसर, किशोरी रमन डिग्री कॉलेज), डॉ. कासदेव शर्मा (प्रोफेसर, बीएसए डिग्री कॉलेज), एसपी शर्मा (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य) और जितेंद्र कुमार त्रिपाठी (प्रवक्ता, जवाहर नवोदय विद्यालय) ने किया। संचालन विजय सिंह ने किया, जबकि डॉ. श्याम सुंदर (जिला समन्वयक) ने समन्वय किया।