भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने आज किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी बरेली को ज्ञापन सौंपा। संगठन की अगुवाई जिला अध्यक्ष दुर्गेश मौर्य ने की। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि माँगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसान अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे।
गौशाला में चारे और पशुओं की जाँच की माँग
ज्ञापन में कहा गया कि नगर पंचायत शेरगढ़ के अंतर्गत ग्राम मनुनगर में बनी गौशाला की जाँच कराई जाए। किसानों का आरोप है कि गौशाला में पशुओं की सही संख्या व स्थिति स्पष्ट नहीं है। यूनियन ने माँग की कि पशुओं की सूची सार्वजनिक रूप से बाहर लगाई जाए।
शुगर मिल पर किसानों का बकाया
किसानों ने बहेड़ी स्थित केसर शुगर मिल पर बकाया भुगतान को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि लंबे समय से भुगतान अटका हुआ है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। संगठन ने प्रशासन से तत्काल बकाया दिलाने की अपील की।
नगर पंचायत शेरगढ़ में डीजल खर्च पर सवाल-यूनियन ने नगर पंचायत शेरगढ़ में हर महीने होने वाले डीजल खर्च और भुगतान की भी जाँच की माँग की। किसानों ने कहा कि रजिस्टर मिलान से हकीकत सामने आ जाएगी।
बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवज़ा दिलाने की मांग
ज्ञापन में हाल ही में आई बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन का कहना है कि बाढ़ से गरीब किसानों की फसल और संपत्ति को भारी क्षति पहुँची है। प्रभावित किसानों को उचित मुआवज़ा दिलाया जाए।
आवारा पशुओं की समस्या से किसान परेशान-यूनियन ने जनपद में आवारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताई। किसानों का कहना है कि फसलें लगातार नष्ट हो रही हैं। प्रशासन से माँग की गई कि इन पशुओं को जल्द से जल्द पकड़कर गौशालाओं में पहुँचाया जाए।
यूनियन की चेतावनी-बीकेयू (महात्मा टिकैत) ने स्पष्ट किया कि यदि माँगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन और अंततः अनिश्चितकालीन धरने पर उतरने को मजबूर होगा।