जागरण टुडे,कासगंज।
अमांपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव टिकुरिया निवासी संतोषी (38) पत्नी राजकुमार शनिवार शाम अपने बेटे निर्भय (8) और बेटी सलोनी के साथ बाइक से अमापुर मेले जा रही थी। जैसे ही वे नगला गुलरिया के समीप अमांपुर–एटा मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अमांपुर के सरकारी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने संतोषी को मृत घोषित कर दिया। बेटी सलोनी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि बेटे निर्भय की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल कासगंज रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे कासगंज नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार करा रहे हैं। उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
शव का कराया पोस्ट मार्टम
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका संतोषी अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है — सुधा (15), सोनम (12), प्रतिज्ञा (9) और निर्भय (8)। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पति राजकुमार खेती का कार्य करते हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।