भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी वृंदावन गुरुवार को प्रभु श्रीराम के जयकारों से गूंज उठी। जब भगवान श्रीराम अपने भाइयों संग बारात लेकर नगर भ्रमण पर निकले तो संपूर्ण वृंदावन राममय हो गया। नगरवासियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ श्रीराम बारात का भव्य स्वागत किया।
श्री रामलीला कमेटी द्वारा रंगजी के बड़ा बगीचा मैदान में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की सुमधुर धुनों के बीच भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न घोड़ों पर सवार होकर निकले, जबकि महाराजा दशरथ, गुरु वशिष्ठ और मुनि विश्वामित्र सजी हुई बग्गियों में विराजमान थे।
यात्रा के दौरान नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर और आरती उतारकर बारात का स्वागत किया। मार्ग में सजाए गए तोरणद्वारों और रंगीन झालरों से पूरा नगर दुल्हन की तरह सजा नजर आया। करीब पांच दर्जन आकर्षक झांकियों और डंडेशाही दलों ने शोभायात्रा की भव्यता को और भी अद्भुत बना दिया।
राम बारात गोपीनाथ बाजार से प्रारंभ होकर रंगजी मंदिर, नगर निगम चौराहा, अनाजमंडी, प्रताप बाजार, रेतिया बाजार, लोई बाजार, बनखंडी, अठखंभा, बांकेबिहारी मार्केट होते हुए विद्यापीठ जनकपुरी पहुंची। जनकपुरी पहुंचने पर जनकपुर वासियों ने जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय कर दिया।
मंच पर प्रभु श्रीराम और उनके भाइयों के आगमन पर महिलाओं ने मंगल कलश से द्वाराचार किया और विवाह के मंगल गीत गाए। दुल्हन बनी सीता जी ने प्रभु श्रीराम को वरमाला पहनाई, वहीं उर्मिला, मांडवी और श्रुतकीर्ति ने क्रमशः लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न को वरमाला अर्पित की।