प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पंच-प्राण” सिद्धांतों और रेल मंत्रालय के विशेष अभियान 5.0 के तहत आगरा मंडल के फतेहाबाद स्टेशन पर “अमृत संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के निर्देशन में हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा, यात्री सुविधाओं में सुधार और नागरिकों से सुझाव प्राप्त करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ओ&एफ आगरा श्री विक्रम कोली ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बताया कि फतेहाबाद स्टेशन को अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक रूप में विकसित किया गया है। यहाँ उन्नत प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, नए प्लेटफॉर्म शेड, आकर्षक सौंदर्यीकरण, ऊर्जा-संवर्धित प्रकाश व्यवस्था और ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ स्टॉल जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
नागरिकों और यात्रियों ने स्टेशन व ट्रेनों की स्वच्छता, रखरखाव और यात्री सुविधाओं के निरंतर सुधार पर अपने सुझाव दिए। इस दौरान भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों के पालन के महत्व पर भी चर्चा हुई।
सांस्कृतिक टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश दिया। उपस्थित नागरिकों और यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से संवाद करते हुए रेलवे सेवाओं को और अधिक जनोन्मुख एवं सुविधाजनक बनाने के सुझाव दिए।
“अमृत संवाद” के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, रखरखाव और रेलवे संपत्तियों के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। यह पहल ‘रेलवे पंच-प्राण’ की सजीव अभिव्यक्ति है, जो अमृत काल में भारत की प्रगति को जनसहभागिता के माध्यम से सशक्त बनाने का प्रतीक है। कार्यक्रम में वीरभान सिंह प्रधान, राजबहादुर सिंह प्रधान, आम नागरिक, यात्री एवं रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे।