जनपद मथुरा में न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा ने उन सरकारी अधिवक्ताओं को सम्मानित किया, जिन्होंने त्वरित न्याय सुनिश्चित करते हुए दो माह के भीतर मुकदमों का निस्तारण कराया और अपराधियों को सजा दिलाई।
यह सम्मान योगी सरकार की उस घोषणा के अंतर्गत दिया गया, जिसके अनुसार ऐसे शासकीय अधिवक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा जो कम समय में मुकदमों का प्रभावी निस्तारण कर न्याय प्रणाली को गति प्रदान करें।
कार्यक्रम में एसएसपी ने अधिवक्ताओं को प्रशस्ति पत्र और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पहल से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी बल्कि जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास भी और अधिक मजबूत होगा।
सम्मानित अधिवक्ताओं में शासकीय अधिवक्ता शिवराम सिंह तरकर, राजू सिंह चंद्रपुरी, मुकेश गोस्वामी, हेमेंद्र भारद्वाज और अवनीश उपाध्याय शामिल रहे। सभी को पुलिस विभाग और प्रशासन की ओर से प्रशंसा पत्र और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संघ के विभाग शारीरिक प्रमुख शिवकुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्वयंसेवक जहां भी कार्य करता है, वहां अपनी अनुशासित कार्यशैली और निष्ठा से समाज में उदाहरण प्रस्तुत करता है।
वहीं, जिला शासकीय अधिवक्ता शिवराम सिंह तरकर ने कहा कि अधिवक्ताओं की मंशा हमेशा यही रहती है कि “न्याय में देरी न हो और हर पीड़ित को जल्द राहत मिले।” उन्होंने कहा कि योगी सरकार की यह योजना उस दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। कार्यक्रम के दौरान संघ के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सभी अधिवक्ताओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।