ब्रज तीर्थ देवालय न्यास के तत्वावधान में आगामी 15 अक्टूबर (बुधवार) को श्री श्रीजी बाबा विद्यालय, गोवर्धन रोड मथुरा में ऐतिहासिक अक्षत महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस महोत्सव से ‘सनातन एकता पदयात्रा’ के आमंत्रण अभियान का शुभारंभ होगा।
न्यास के अध्यक्ष रमाकांत गोस्वामी ने बताया कि यह पदयात्रा 7 से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक निकाली जाएगी। इसमें श्री बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लाखों भक्तों और सनातनियों के साथ शामिल होकर एकता और धर्म रक्षा का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि अक्षत महोत्सव इस पदयात्रा की तैयारियों का प्रारंभिक आयोजन होगा, जिसमें ब्रज के प्रमुख देवालयों के सेवायतजन, जिले के 543 ग्राम प्रधान, सामाजिक संस्थाएँ और सनातनी संगठन भाग लेंगे। न्यास के संरक्षक आचार्य मृदुलकांत शास्त्री और महामंत्री आर. के. पांडे ने बताया कि बागेश्वर धाम सरकार स्वयं सभी प्रतिनिधियों को पीले अक्षत, सुपारी और आमंत्रण पत्रक प्रदान करेंगे, जो इस यात्रा के प्रतीकात्मक निमंत्रण के रूप में पूरे ब्रजमंडल में वितरित किए जाएंगे।
मुख्य व्यवस्थापक सुमंत कृष्ण शास्त्री और ब्रज सेवा फाउंडेशन के राहुल बंसल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल पास के माध्यम से होगा, जो एमएमआई सॉफ्टवेयर कंपनी, गोवर्धन चौराहा से निशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में 7 से 8 हजार लोगों की उपस्थिति की संभावना है।
मीडिया प्रभारी आशीष गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी होंगे। वहीं धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि पदयात्रा में भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने, यमुना शुद्धिकरण, गौ रक्षा, सामाजिक समरसता और ब्रज क्षेत्र को मांस-मदिरा मुक्त करने जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।
कार्यक्रम में मथुरा जिले के संत-महात्मा, भागवताचार्य, रासाचार्य, तीर्थ पुरोहित और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।