तीन माह तक अमेरिका में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के बाद स्वदेश लौटे प्रसिद्ध धर्मगुरु देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज का वृंदावन स्थित प्रियाकांतजू मंदिर में भव्य स्वागत किया गया। भक्तों और संतों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया और जयघोष के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर सनातन न्यास फाउंडेशन के अध्यक्ष देवकीनंदन महाराज ने घोषणा की कि 18 अक्टूबर को दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में सनातनी क्रिकेट लीग के तहत बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए चैरिटी क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इस मैच में देश के प्रमुख धर्माचार्य अपनी टीमों के साथ भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि यह चैरिटी मैच बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कथा प्रवक्ता इंद्रेश उपाध्याय और रामकथा प्रवक्ता चिन्मयानंद बापू जैसे आचार्यों के नेतृत्व में खेला जाएगा। इसमें चार टीमें शामिल होंगीं, जिनमें
1️⃣ वृंदावन वारियर्स (देवकीनंदन महाराज)
2️⃣ बजरंग ब्लास्टर्स (धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री)
3️⃣ राधे रॉयल्स (इंद्रेश उपाध्याय)
4️⃣ राघव रायडर्स (चिन्मयानंद बापू)
देवकीनंदन महाराज ने कहा कि पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे राज्यों में कई परिवार अब भी बाढ़ प्रभावित हैं। सनातन न्यास फाउंडेशन इन परिवारों को राशन, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, अनाज और बिस्तर जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि विदेशों में रह रहे सनातनी भारत में वक्फ बोर्ड की तरह सनातन बोर्ड के गठन की इच्छा रखते हैं, ताकि धर्मस्थलों और सनातन परंपराओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फाउंडेशन के सचिव विजय शर्मा ने बताया कि चैरिटी मैच सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा। एंट्री निःशुल्क रहेगी और दर्शक स्वेच्छा से सहयोग राशि देकर बाढ़ पीड़ितों की मदद कर सकेंगे।
इस अवसर पर सौरभ गौड़, डॉ. आदित्यानंद महाराज, स्वामी श्रीकृष्णानंद, स्वामी चित्तप्रकाशानंद, रामेश्वर बापू, हिरण्मय गोस्वामी सहित अनेक संत और भक्त मौजूद रहे।