Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS पटियाली के नगला हीरा गांव में धधक रही थी अवैध शराब की भट्टी, भनक लगते ही अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों लीटर कच्ची शराब और हजारों लीटर लहन नष्ट

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 19, 2025

KASGANJ NEWS पटियाली के नगला हीरा गांव में धधक रही थी अवैध शराब की भट्टी, भनक लगते ही अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों लीटर कच्ची शराब और हजारों लीटर लहन नष्ट

दीपावली पर्व से पूर्व जिले में अवैध शराब की रोकथाम को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में पटियाली थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हीरा में शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अभियान के दौरान सैकड़ों लीटर कच्ची शराब और हजारों लीटर लहन मौके पर नष्ट की गई।

इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व एसडीएम पटियाली प्रदीप कुमार विमल और क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा ने किया। उनके साथ पटियाली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी, आबकारी विभाग और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।
टीम ने गांव में दबिश देकर शराब निर्माण और भंडारण के ठिकानों की तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस को कई घरों और खेतों के समीप अवैध शराब बनाने की भट्ठियां मिलीं, जिन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस और आबकारी टीम ने कच्ची शराब के कनस्तर, ड्रम और शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को कब्जे में लेकर हजारों लीटर लहन नष्ट किया।
टीम ने गांव के जंगल और तालाब किनारे बने छिपे हुए ठिकानों को भी खंगाला, जहां शराब बनाने का काम चल रहा था। मौके से किसी भी व्यक्ति के न मिलने पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध अवैध शराब बनाने और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की।

इसके अलावा टीम ने थाना क्षेत्र में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकानों की भी जांच की। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक और शराब की गुणवत्ता की गहनता से जांच की गई। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अभियान के बाद एसडीएम प्रदीप कुमार विमल ने कहा कि आगामी दीपावली व अन्य त्योहारों पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की स्थिति उत्पन्न न हो।

वहीं क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.