बरेली। इस बार धनतेरस पर बाजारों में खूब धनवर्षा हुई। बाजार में जीएसटी घटने का खासा असर दिखा। धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक्स सामान, बर्तन और ऑटो बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल से माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा नजर आया। शनिवार को सुबह से आधी रात तक दुकानों पर ग्राहकों का हुजूम उमड़ा रहा। शुभ मुहूर्त में लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस साल धनतेरस पर 1300 करोड़ से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
शहर में कुतुबखाना, बड़ा बाजार, शहामतगंज, आलमगिरीगंज, राजेंद्रनगर किला और अन्य इलाकों में सुबह से ही सोने-चांदी से लेकर इलेक्ट्रानिक और बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी। दोपहर होते-होते वाहन शोरूम में काफी संख्या में ग्राहक जुट गए। दर्जनों दो पहिया वाहनों की डिलीवरी दी गई। इलेक्ट्रिक वाहन भी खूब बिके। अधिकांश युवतियों दिलचस्पी इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने में रही। वहीं, चार पहिया वाहनों के शोरूमों भी ग्राहकों की भीड़ रही। शुभ मुहूर्त में लोगों ने कारें खरीदीं। एक अनुमान के अनुसार पर्व पर एक हजार से ज्यादा चार पहिया और सात हजार से अधिक दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई है।
व्यापारियों के अनुसार धनतेरस पर सर्राफा बाजार में 500 करोड़, वाहन बाजार में 250 करोड़, इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में 100 करोड़, बर्तन बाजार में 80 करोड़, किराना बाजार में 65 करोड़, कपड़ा बाजार में 70 करोड़, मिठाई और ड्राई फ्रूट्स पर 90 करोड़, जमीन-मकान की रजिस्ट्री पर 100 करोड़, पटाखा बाजार में 40 करोड़, दीये-मूर्ति आदि पर 4 करोड़ व अन्य पर 30 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
ऑटो मोबाइल में 20 फीसदी वृद्धि होने की उम्मीद
बरेली। ऑटो सेक्टर से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि इस बार दीपावली पर पिछले साल की तुलना में बिक्री में करीब 20 फीसदी वृद्धि होने की उम्मीद है। जीएसटी कम होने से दोपहिया वाहनों पर 8 से 15 हजार रुपये और बड़े वाहनों की कीमतों में 1 लाख तक की गिरावट आई है। इससे वाहनों की बिक्री में तेजी आई है। अकेले ऑटो सेक्टर से लगभग 250 करोड़ रुपये तक का कारोबार होने की उम्मीद है। टू-व्हीलर से लेकर हाई-एंड लग्जरी कारों तक की डिमांड काफी बढ़ी है।
खूब बिका सोना-चांदी, हल्के गहनों की मांग रही ज्यादा
बरेली। धनतेरस पर सर्राफा बाजार सोने की चमक से दमक उठा। शनिवार सुबह से देर शाम तक सराफा दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। कारोबारियों के मुताबिक सोने की खरीदारी में बढ़ती कीमतों का असर दिखा। हल्के गहनों में ब्रेसलेट, पेंडेंट, ईयरिंग, रिंग, नोज पिन, झुमके, कड़े, कंगन, चेन आदि की मांग ज्यादा रही। चांदी के सिक्कों समेत लक्ष्मी, गणेश की प्रतिमा और बर्तनों की खूब बिकी हुई।
आलमगिरीगंज सर्राफा बाजार, सिविल लाइंस में ज्वेलरी शोरूमों पर ग्राहकों की भीड़ बनी रही। महिलाओं को पारंपरिक डिजाइनों के साथ मॉडर्न ज्वेलरी ने अधिक आकर्षित किया। कारोबारियों का कहना है कि इस बार धनतेरस पर सराफा कारोबार बेहतर रहा। बढ़ती कीमतों के बावजूद सोने के गहनों की मांग खूब रही। अबकी ग्राहकों को लाइट वेट की ज्वेलरी अधिक पसंद आ रही है।
पूजा सामग्री और सजावट की दुकानों पर रही खासी भीड़
दीपावली पर घरों की सजावट होने के साथ लक्ष्मी-गणेश जी की पूजा की जाती है। ज्यादातर लोग धरतेरस पर ही पूजा का सामान खरीद लेते हैं। शनिवार को सुबह से देर शाम तक मूर्तियों, खील-खिलौने, दीया, तस्वीरों आदि की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। दीपावली पर लगभग सभी घरों में नई झाड़ू खरीदे जाने का चलन है। इसलिए शनिवार को झाड़ुओं की जमकर बिक्री हुई।