दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव के समापन के बाद अब श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा एक बार फिर सांस्कृतिक उल्लास में डूबने जा रही है। आगामी 26 अक्टूबर से ब्रज रज उत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है, जो 5 नवंबर तक चलेगा। इस भव्य आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्याम बहादुर सिंह ने अधिकारियों के साथ धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी के साथ पंडाल निर्माण की तकनीकी बारीकियों का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंच निर्माण को मजबूत करने, झूलों को सुदृढ़ रूप से लगाने और पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दर्शकों के बैठने और आवागमन की व्यवस्था को सुविधाजनक बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
सीईओ ने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे, इसके लिए सभी झूलों और अस्थायी संरचनाओं की तकनीकी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि ब्रज रज उत्सव के दौरान प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से गतिविधियां शुरू होंगी। सुबह के सत्र में स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी, जबकि दोपहर 3:30 से शाम 6:00 बजे तक ब्रज के लोक कलाकार पारंपरिक लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।
शाम को अतिथि कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। मुख्य आकर्षणों में सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा ‘श्याम-यशोदा’ नाट्य मंचन, महाभारत में दुर्योधन की भूमिका से चर्चित पुनीत ईश्वर का विशेष कार्यक्रम, और भजन गायक कन्हैया मित्तल के भक्ति भजन शामिल हैं।
सीईओ ने कहा, “इस बार का ब्रज रज उत्सव पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित होगा।”
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, उज्जल ब्रज संस्था के सचिव अनंत शर्मा, और गीता शोध संस्थान के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर जेसीबी मशीनों की मदद से भूमि समतलीकरण और सजावट का कार्य तेज गति से जारी है।