Thursday, April 2, 2026

Kasganj News: सोरों में कार हटाने को लेकर दो समुदायों में बवाल, पथराव और फायरिंग में युवक घायल

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 24, 2025

Kasganj News: सोरों में कार हटाने को लेकर दो समुदायों में बवाल, पथराव और फायरिंग में युवक घायल

जनपद कासगंज के सोरों कस्बे में गुरूवार देर शाम कार हटाने को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ और फायरिंग की गई। इस घटना से क्षेत्र में माहौल गर्मा गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया।  इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एसपी ने जिला अस्पताल जाकर घायल युवक से घटना की जानकारी ली।

मिली जानकारी के अनुसार, सोरों कस्बे में रहने वाले युवक रियाज की कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बघेल समाज के युवक ने कार को रास्ते में बाधा बताते हुए उसे हटाने को कहा। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ने पर बघेल समाज के युवक ने गुस्से में आकर कार पर लात मार दी। इसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और फिर जमकर बवाल हुआ।

विवाद बढ़ने पर रियाज पक्ष के लोगों ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। बताते हैं कि  जब मुस्लिम समाज के लोग शिकायत देकर थाने से लौट रहे थे, तभी रास्ते में बघेल समाज के कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और हाथापाई शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में पथराव और फायरिंग हो गई। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। कस्बे में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। हालांकि इस घटना में घायल रियाज़  अहमद की हालात नाजुक बताई जा रही है। उसे पहले सोरों सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जहां से उसे अलीगढ मेडिकल काॅलेज भेज दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर सोरों पुलिस ने पहली शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की होती तो बवाल की नौबत नहीं आती। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अंकिता शर्मा मौके पहुंच गईं उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल रियाज़ से जानकारी की और पुलिस कर्मियों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर भारी संख्या पुलिस बल मौके पर जा पहुंचा। आरोपियों के घर पर दबिश देकर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। हथियार भी बरामद होने की जानकारी मिल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.