Thursday, April 2, 2026

KASGANJ NEWS लहरा रोड विवाद के बाद डीएम-एसपी ने किया मौके का निरीक्षण, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 24, 2025

KASGANJ NEWS लहरा रोड विवाद के बाद डीएम-एसपी ने किया मौके का निरीक्षण, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील


जागरण टुडे, कासगंज/सोरों


लहरा रोड पर कार खड़ी करने के विवाद से गुरुवार रात दो समुदायों में हुए पथराव और फायरिंग की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी (डीएम) प्रणव सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा ने घटनास्थल सोरों लहरा रोड पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षेत्र में तैनात पुलिस बल से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और स्थानीय लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

डीएम प्रणव सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है, किसी को भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग जारी रखी जाए।

वहीं एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि गुरुवार रात हुई फायरिंग की घटना में दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज कर 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। लाइसेंसी असलहे बरामद कर लिए गए हैं और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से पुलिस लगातार गश्त कर रही है और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

अधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मोहल्लों में पुलिस टीमों ने लोगों से संवाद स्थापित कर भाईचारा बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अफवाह या भड़काऊ बयान पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लहरा रोड क्षेत्र में फिलहाल शांति और सामान्य स्थिति बनी हुई है। डीएम-एसपी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि निर्दोष किसी को परेशान नहीं किया जाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.