जनपद अमरोहा में आगामी कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले ऐतिहासिक राजकीय तिगरी मेला को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा ने रविवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक मुरादाबाद परिक्षेत्र मुनीराज, जिलाधिकारी अमरोहा निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद भी मौजूद रहे।
अपर पुलिस महानिदेशक समेत सभी अधिकारियों ने मेला क्षेत्र, गंगा के विभिन्न घाटों, पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कोतवाली मेला और वॉच टावरों का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। एडीजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को ब्रीफ करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे, ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ अच्छे व्यवहार का परिचय देने, अनुशासन बनाए रखने और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की हिदायत दी। एडीजी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी सजग रहें तथा प्रत्येक व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखे जिससे कोई भी अप्रिय घटना घटित न हो ।
एडीजी ने कहा कि छोटी से छोटी घटना को महत्वपूर्ण समझकर तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दें। ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी अपने ड्यूटी स्थल के आसपास के सम्भ्रान्त व्यक्तियों के नाम एवं मोबाइल नम्बर अपने पास रखे । किसी प्रकार की घटना होने पर तत्काल उस स्थान पर पहुंचे और समस्या का समाधान कराना सुनिश्चित करें । ड्यूटी में लगने वाले कर्मचारी प्रत्येक दशा में अपने साथ दंगा नियंत्रण उपकरण, सीटी व टार्च इत्यादि रखेंगे।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को सहज अनुभव मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, सभी सीओ और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि तिगरी मेला प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक है, इसलिए इसकी सफलता के लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ कार्य करें।