Thursday, April 2, 2026

KASGANJ NEWS चार नंबवर को होगा ककोडा मेले का शुभारम्भ, डीएम ने दिए निर्देश, सुरक्षा व सफाई पर दिया जाए विशेष जोर

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 29, 2025

KASGANJ NEWS चार नंबवर को होगा ककोडा मेले का शुभारम्भ, डीएम ने दिए निर्देश, सुरक्षा व सफाई पर दिया जाए विशेष जोर



जागरण टुडे, कासगंज


जिलाधिकारी प्रणय सिंह व पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मेला कादरगंज/शहबाजपुर 2025 की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्तिकी पूर्णिमा मेला कादरगंज की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। मेला का शुभारंभ 4 नवम्बर 2025 को होगा और यह 7 नवम्बर तक चलेगा।


उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी जिला पंचायत कासगंज के प्रबंधन में गंगा तट पर पारंपरिक कार्तिकी पूर्णिमा मेला-ककोड़ा मेला का आयोजन किया जा रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु यातायात, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश, शौचालय, सुरक्षा व साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।


जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त स्टीमर, गोताखोर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही माइकिंग के माध्यम से लगातार यह घोषणा की जाए कि बच्चे गहरे पानी की ओर न जाएं। दुकानों की सुसंगत रूप से स्थापना की जाए ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।


उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, उद्योग, पशु चिकित्सा, आंगनबाड़ी, पंचायतीराज, अग्निशमन, मत्स्य और वन विभाग सहित अन्य विभाग अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर उनका प्रचार-प्रसार करें।


बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेले में पर्याप्त पुरुष व महिला आरक्षी तैनात रहेंगे।


इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रणय सिंह व पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक भी संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2025 में सड़कों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। स्कूली वाहनों की फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और चरित्र प्रमाण पत्र की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। स्कूलों व अस्पतालों के आसपास साइलेंस जोन और संकेत चिन्ह लगवाने के निर्देश भी दिए गए।


बैठक में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत उपेंद्र कुमार, डीएफओ, डीपीआरओ, जिला अग्निशमन अधिकारी, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण व विद्युत), सीओ व ईओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.