विकास श्रीवास्तव
रूहेलखण्ड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध ककोड़ा मेला का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से गंगा पूजन एवं ककोड़ा देवी की झंडी स्थापना कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। पवित्र गंगा तट पर सम्पन्न पूजा-अर्चना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी जितेन्द्र यादव, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मेले के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह और धार्मिक उमंग का माहौल देखने को मिला।
डीएम अवनीश राय ने अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं एवं सुरक्षा इंतज़ामों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएँ ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु संपूर्ण मेला को 6 जोन व 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में एक प्रभारी निरीक्षक तथा प्रत्येक सेक्टर में एक उपनिरीक्षक हमराहियों सहित नियुक्त किए गए हैं। सुरक्षा दृष्टि से एक कोतवाली एवं 14 अस्थायी चौकियाँ, एक फायर स्टेशन तथा 7 दमकल गाड़ियाँ भी तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त भीड़ नियंत्रण व निगरानी के लिए 15 वॉच टावर स्थापित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु यातायात व्यवस्था की विशेष समीक्षा की गई। पार्किंग स्थलों, मार्गों एवं डायवर्जन बिंदुओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए ताकि आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, एडीएम (एफआर) डॉ. वैभव शर्मा, नोडल अधिकारी ककोड़ा मेला एएसपी नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, एसडीएम सदर मोहित कुमार, सीओ ककोड़ा मेला अशोक कुमार, सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार, तथा प्रभारी ककोड़ा मेला निरीक्षक राजेन्द्र सिंह पुण्डीर समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
ककोड़ा मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करता है।