Friday, January 30, 2026

मथुरा न्यूज: आईएएस सूरज पटेल ने संभाला ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ का कार्यभार

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 30, 2025

मथुरा न्यूज: आईएएस सूरज पटेल ने संभाला ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ का कार्यभार

जागरण टुडे, मथुरा। 2019 बैच के आईएएस अधिकारी सूरज पटेल ने गुरुवार दोपहर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में सेवा करने का अवसर उनके लिए परम सौभाग्य की बात है।

नवागत सीईओ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप परिषद द्वारा कराए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों को गति देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि मथुरा में प्रतिवर्ष करोड़ों श्रद्धालु दर्शन और तीर्थ के लिए आते हैं। इसलिए उन्हें बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से सुझाव लेकर योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। परिषद द्वारा चल रहे सभी विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी और उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे।

पदभार ग्रहण के बाद नए सीईओ सूरज पटेल ने परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह से भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद वे वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर ब्रज सेवा के लिए आशीर्वाद लिया।

आईएएस सूरज पटेल का मूल निवास कानपुर जनपद में है। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वे वर्ष 2016 में आईआरएस, 2017 में आईपीएस, और 2019 में आईएएस बने। उन्होंने गोंडा और मेरठ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तथा फतेहपुर और अमेठी में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में अपनी सेवाएँ दी हैं। उनकी नियुक्ति से ब्रज क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.