Friday, January 30, 2026

Mathura News: वृंदावन में राष्ट्रीय श्रीकृष्ण चित्रांकन शिविर शुरू, देशभर से चित्रकार पहुंचे

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: November 1, 2025

Mathura News:  वृंदावन में राष्ट्रीय श्रीकृष्ण चित्रांकन शिविर शुरू, देशभर से चित्रकार पहुंचे

जागरण टुडे, वृंदावन (मथुरा)। ब्रज की संस्कृति और श्रीकृष्ण भक्ति की छटा को रंगों में उकेरने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय श्रीकृष्ण चित्रांकन शिविर–2025 का शुभारंभ गीता शोध संस्थान सभागार एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन में हुआ। परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सूरज पटेल ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।

देश के विभिन्न राज्यों से आए 21 चयनित कलाकारों को परिषद की ओर से कैनवास, रंगों की किट और परिचय पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं माखनचोरी, रासलीला, गोवर्धन धारण और गीता उपदेश को अपनी विशिष्ट कला शैलियों में चित्रित करना शुरू किया।


सीईओ श्री सूरज पटेल ने कहा कि “यह शिविर केवल कला का उत्सव नहीं, बल्कि ब्रजभूमि की आत्मा को रंगों में अभिव्यक्त करने का माध्यम है। वृंदावन की पावन वायु में रचे ये चित्र आने वाले समय में श्रीकृष्ण भक्ति और ब्रज संस्कृति की सजीव व्याख्या बनेंगे।”

शिविर के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने बताया कि इसमें देशभर से प्रसिद्ध कलाकार शामिल हुए हैं, जिनमें मनजीत कौर (चंडीगढ़), कंचन प्रकाश (ग्रेटर नोएडा), डॉ. सत्या सार्थ (पटना), प्रीति चौहान (मथुरा), पूजा महात्रे (मुंबई), अलका मनीष पाठक (मध्य प्रदेश), सुमन डोंगरे (उज्जैन) सहित कई अन्य कलाकार सम्मिलित हैं। सभी चित्रकारों का पटुका पहनाकर सम्मान किया गया।

शिविर के उपरांत सभी तैयार चित्रों की प्रदर्शनी एक माह तक गीता शोध संस्थान सभागार में लगाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डॉ. उमेश चंद्र शर्मा, दिनेश खन्ना, राम देवानंद महाराज आदि उपस्थित रहे। संचालन समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने किया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.