बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पैगानगरी उर्फ नगरिया भगत में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंप का उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए रजिस्ट्री प्रक्रिया के उददेश्य, लाभ और इससे मिलने वाली सरकारी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कैंप में दोपहर 2.30 बजे तक 13 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री पूरी की। एसडीएम ने किसानों से कहा कि फार्मर रजिस्ट्री योजना किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। न केवल किसानों की पहचान सुनिश्चित होगी, बल्कि योजनाओं के वितरण में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे समय से अपनी रजिस्ट्री कराकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं- जैसे पीएम किसान सम्मान निधि, फसल वीमा योजना, खाद, बीज अनुदान आदि- का अधिकतर लाभ प्राप्त करें। उपजिलाधिकारी ने उपस्थित जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि क्षेत्र का कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो, ताकि पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान ग्राम लेखपाल लोकेन्द्र कुमार सिंह, प्रधान जमील अहमद, कृषि सहायक मनोहर कुमार, इंजी योगेंद्र कुमार एवं किसान देवदत्त गंगवार और रामौतार शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।