जागरण टुडे, मथुरा। ब्रज-रज उत्सव 2025 के दौरान मथुरा में यातायात माह नवंबर 2025 की शुरुआत धूमधाम से हुई। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और गुब्बारे उड़ाकर अभियान का प्रतीकात्मक उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी और एसएसपी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर यातायात जागरूकता अभियान का औपचारिक उद्घाटन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा “तेज गति से वाहन न चलाएं, शराब के नशे में ड्राइविंग न करें, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट का ही प्रयोग करें। वाहन को धीमी गति से चलाएं ताकि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रहे।”
डीएम ने कहा कि यह यातायात जागरूकता रैली आमजन, स्कूली बच्चों और सामाजिक संगठनों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का एक सार्थक प्रयास है। इससे लोगों में यातायात अनुशासन की भावना मजबूत होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा—“दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य है। ट्रैफिक सिग्नल, निर्धारित गति सीमा और लेन का पालन सभी को करना चाहिए। ओवरटेकिंग के दौरान सतर्क रहें और वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।”
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार, एसपी सुरक्षा राजकमल अग्रवाल, सीओ मांट आशीष शर्मा, सीओ छाता भूषण वर्मा सहित अनेक अधिकारी और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।