जागरण टुडे,सोरों/कासगंज।
परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत शनिवार को ब्लॉक सोरों की मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन जिला स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया और जूनियर वर्ग की 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों में परिषदीय विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में परिषदीय छात्र अरविंद कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया और ब्लॉक चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 200 मीटर की प्राथमिक बालक वर्ग दौड़ प्रतियोगिता में अरविंद ने पहला स्थान प्राप्त कर सबका ध्यान आकर्षित किया, वहीं इसी वर्ग में मोंट दूसरे और अर्चित तीसरे स्थान पर रहे।
50 मीटर प्राथमिक बालक वर्ग में विशाल ने पहला, यश ने दूसरा और अर्चित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में जानवी ने प्रथम, आस्था ने द्वितीय और मीनाक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर बालिका वर्ग में अंशु, जानवी और अंशु क्रमशः पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। प्राथमिक और जूनियर वर्ग की 100, 200 तथा 400 मीटर दौड़, कबड्डी सहित अन्य प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन दिखाया।
कार्यक्रम का संचालन पीटीआई मुनेश राजपूत द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं के उपरांत विजेता प्रतिभागियों को बीएसए सूर्य प्रताप सिंह, बीईओ राजेश चौधरी और रामरूप द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजेंद्र सिंह, दिलीप यादव, गजेन्द्र प्रताप, रामनारायण, प्रविता, निशा, शैलेन्द्र सिंह, दीनदयाल सिंह, सोमेंद्र सिंह, भारतेंदु सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, फुरकान अली, यादराम सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने खेल भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।