बालिकाओं की 100 मीटर फर्राटा दौड़ रही आकर्षण का केंद्र, बालिकाओं ने की प्रतिभा उजागर कर दिखाए जौहर
जनपद बरेली के मीरगंज में संचालित ब्रहम्मा देवी बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित बाल मेला एवं खेल महोत्सव छात्राओं एवं अतिथियों के लिए अविस्मरणीय साबित हुआ। किसी कारण वश यह कार्यक्रम 14 नवंवर को आयोजित नहीं हो सका था। लेकिन आज पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय प्रबंधिका डॉ मृदुला शर्मा और स्विटजरलैंड से आये विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उदघाटन के साथ ही विद्यालय परिसर खुशियों, रचनात्मकता और प्रतिभा का केद्र बन गया। बाल मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों ने छात्राओं की कला, हुनर और नवाचार को प्रदर्शित किया, जिन्हें अतिथियों ने विशेष सराहना दी।
खेल प्रतियोगिताओं में 100 मीटर फर्राटा दौड़ आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। रानी लक्ष्मीबाई हायर सेकेंड्री स्कूल मीरगंज की छात्राओं के साथ ब्रहम्मा देवी बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिभाशाली छात्राओं ने दमदार प्रदर्शन किया। कड़ी टक्कर के बाद तीनों पदक कॉलेज की छात्राओं के नाम रहे। कक्षा 8 की रिया ने प्रथम व कक्षा 7 की बेबी ने द्वितीय एवं आसरा ने तृतीय स्थान हांसिल कर अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। और अपने कॉलेज का गौरव बढ़ाया। प्रबंधिका डॉ मृदुला शर्मा ने विजेताओं को मेडल पहनाकर उनका उत्साह बर्धन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका के निर्देशन में संपन्न हुआ। वहीं अपेक्षा वर्मा, शोभा देवी, मंजू भारती, खालिदा बी, राबिया ने सहयोग देकर पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में योगदान दिया।
बाल मेला एवं खेल महोत्सव ने न केवल छात्राओं में स्वस्थ्य प्रतियोगिता, टीमवर्क और खेल भावना को प्रोत्साहित किया, बल्कि बाल दिवस को भी उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया।