बदायूँ नवजात शिशु देखभाल सप्ताह (15 से 21 नवम्बर) के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय बदायूँ में आयोजित हेल्दी बेबी शो में माताओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में कुल 43 बच्चों का पंजीकरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूँ ने उपस्थित माताओं को नवजात शिशु की संपूर्ण देखभाल, पोषण, एवं शुरुआती महीनों में होने वाली संभावित गंभीर बीमारियों के लक्षणों की पहचान के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सीएमओ ने बताया कि जन्म के बाद शुरुआती दिनों में साफ-सफाई, समय पर स्तनपान, त्वचा संपर्क (स्किन-टू-स्किन केयर) और परिवार की सजगता बेहद आवश्यक है। उन्होंने माताओं को नवजात से संबंधित किसी भी असामान्य लक्षण—जैसे बुखार, सुस्ती, दूध न पीना, सांस लेने में दिक्कत, और पीलिया—को गंभीरता से लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञों ने माताओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाया कि बच्चे को पहले छह महीनों तक केवल माँ का दूध ही पर्याप्त होता है, जबकि छह माह बाद धीरे-धीरे पौष्टिक ठोस आहार की शुरुआत करनी चाहिए। साथ ही बच्चे का नियमित टीकाकरण कराना उसके संपूर्ण स्वास्थ्य विकास के लिए अनिवार्य बताया गया।
हेल्दी बेबी शो में पंजीकृत बच्चों में—
प्रथम स्थान: बेबी कनिष्क (माता – मीनू वर्मा)
द्वितीय स्थान: बेबी क्रत्यांश (माता – सपना)
तृतीय स्थान: बेबी अबुबकर (माता – गुलफशा)
इन सभी विजेता बच्चों को बेबी किट देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना पुरस्कार के रूप में बेबी प्रोडक्ट्स वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूँ, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित चिकित्सालय के अन्य चिकित्सक व अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य माताओं में नवजात स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।