भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली मंडल अभियान जारी है। मंगलवार 19 नवंबर को एंटी करप्शन टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की। एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने जनपद बदायूं की नगर पालिका परिषद सहसवान में तैनात मानचित्रकार (ड्राफ्टमैन) अन्सार हुसैन को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
नगर पालिका सहसवान के मोहल्ला दहलीज सिबतेन अली ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन कार्यालय बरेली में एक शिकायती पत्र दिया था। सिबतेन अली का आरोप था कि विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव की पत्रावली तैयार करने और आगे बढ़ाने के एवज में मानचित्रकार अंसार हुसैन उनसे 08 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अपर पुलिस महानिदेशक, डीआईजी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरेली मंडल की ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर सहसवान नगर पालिका कार्यालय पहुंची। तय योजना के मुताबिक दोपहर 13.25 बजे अन्सार हुसैन मानचित्रकार कक्ष में जाकर अंसार हुसैन को रिश्वत में 8,000 रुपये दिए। आरोपी मानचित्रकार के रिश्वत लेते मौके पर मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया।
मानचित्रकार के पकड़े जाने का पता लगने पर नगर पालिका के कर्मचारी एकत्र होने लगे। कोई विरोध करता इससे पहले टीम आरोपी को अपने साथ बदायूं जिले के थाना सिविल लाइन ले गई। जहां ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की रिश्वत, दबाव या अवैध मांग की सूचना तुरंत एंटी करपषन को दें। पीड़ित व्यक्ति पुलिस उपाधीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के मोबाइल नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल 9454401653 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।