बदायूं भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा विधानसभा दातागंज में विशाल एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री, दुग्ध विकास विभाग धर्मपाल सिंह, सभापति विधान समिति एवं विधायक राजीव सिंह बब्बू, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, तथा पूर्व डीसीबी चेयरमैन एटा/जिला प्रवासी भूपेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पदयात्रा के समापन पर सभी नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया।
पदयात्रा ग्राम हाशिमपुर से शुरू होकर ग्राम बक्सेना होते हुए ग्राम सैंजनी तक निकाली गई, जहां इसका भव्य समापन हुआ। रास्ते में ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह स्वागत, पुष्पवर्षा और देशभक्ति नारों ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी हर वर्ग को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष की दृढ़ता, अनुशासन और समर्पण भाव भारतीय समाज की एकता और शक्ति के आधार हैं, और यह पदयात्रा उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
विधायक राजीव सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरदार पटेल की उस ऐतिहासिक विरासत का सम्मान है जिसने भारत को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि युवा, किसान, व्यापारी व महिलाएँ इस यात्रा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित होती हैं।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि 562 रियासतों का एकीकरण विश्व इतिहास की अद्वितीय उपलब्धि है और आज की पदयात्रा उसी संकल्प को दोहराती है कि भारत की एकता सर्वोपरि है।
पूर्व चेयरमैन भूपेंद्र सिंह ने युवाओं से देश को डिजिटल, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरदार पटेल के मूल्यों को अपना मार्गदर्शक बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और हजारों लोग मौजूद रहे।