आगामी छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए महापौर अर्चना वर्मा ने लोधीपुर पुल स्थित छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की प्रगति देखी। साथ ही मौके पर ही नगर निगम की टीम को बुलाकर आवश्यक कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाट की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व से पहले घाट पर सभी जरूरी कार्य समय से पूरे होने चाहिए, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
पूर्वांचल महासभा के पदाधिकारियों से भी किया संवाद
महापौर अर्चना वर्मा ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और पूर्वांचल महासभा के पदाधिकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने घाट पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर उनकी जरूरतों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने के निर्देश दिए।महापौर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि घाटों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएं। घाट परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें, ताकि छठ महापर्व से पहले तैयारियां पूरी हो सकें। निरीक्षण के दौरान पूर्वांचल महासभा के पदाधिकारी और नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।