जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय लापता युवक आवेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उसका शव गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के गनेशपुर गांव स्थित नहर किनारे पड़ा मिला। शव देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर सनसनी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मृतक आवेश शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से निकला था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजन पूरे दिन उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को नहर के पास शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे और मृतक की शिनाख्त आवेश के रूप में की।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि पुत्र की हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई है। उन्होंने अपने सगे भाई, भतीजे और भाभी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवारिक विवाद के चलते लंबे समय से तनाव चल रहा था और इसी रंजिश के कारण आवेश की जान ली गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा और एएसपी सुशील कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने नहर किनारे से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और घटना की पुष्टि और स्पष्ट हो सकेगी। वहीं गांव और आसपास के इलाकों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और दहशत व्याप्त है।
मृतक आवेश मूल रूप से गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के खरपरा गांव का रहने वाला था। पुलिस फिलहाल आरोपितों की तलाश में जुटी है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।