जागरण टुडे,कासगंज।
कमला मार्केट सहावर गेट निवासी राजरानी पत्नी चन्द्रभान सिंह ने साइबर क्राइम थाना कासगंज में एक युवक के खिलाफ अश्लील बातें करने, ब्लैकमेल कर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पीड़िता के अनुसार आरोपी कृष्णा सक्सैना पुत्र बृहमाशंकर, निवासी सियारपुर थाना सहावर से उनकी पहचान करीब दो वर्ष पहले ऑनलाइन बिज़नेस के दौरान हुई थी, लेकिन हाल के महीनों में आरोपी लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।
महिला का कहना है कि आरोपी दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार व्हाट्सऐप कॉल कर अश्लील बातें करता है और अभद्र गालियां देता है। राजरानी के अनुसार युवक धमकी देता है कि यदि वह उसकी बातों का जवाब नहीं देगी तो उसका वार्ड 15 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ना मुश्किल कर देगा। आरोप है कि वह लगातार दबाव बनाकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है और कहता है कि रकम देने पर ही वह चुनाव लड़ने देगी।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी फेसबुक से उसके फोटो और वीडियो एडिट कर वायरल करने की धमकी देता है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होने का खतरा है। महिला द्वारा घटना की जानकारी पति को देने पर आरोपी ने उनके पति को भी फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकाया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी घर के बाहर घूमता रहता है, उनकी फील्डिंग (आवागमन की जानकारी) लेता है और कुछ लोगों ने बताया है कि वह अवैध हथियार लेकर भी आता है, जिससे परिवार को जान का खतरा महसूस हो रहा है। पीड़िता और उसके पति ने बताया कि आरोपी की हरकतों से वे मानसिक रूप से परेशान हैं और लगातार ब्लैकमेल किए जा रहे हैं।
राजरानी ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।