मथुरा के बल्देव ब्लॉक में टीकाकरण उत्सव माह के तहत मंगलवार को विभिन्न गांवों में विशेष सत्र आयोजित कर उन बच्चों को टीके लगाए गए, जो अब तक किसी न किसी कारण से टीकाकरण से वंचित थे। ग्राम पटलोनी, अवेरनी, नेरा नगला राय सिंह, पतिराम गढ़सोली और बरौली में आयोजित इन सत्रों का उद्देश्य टीकाकरण को लेकर झिझकने वाले परिवारों तक जागरूकता पहुंचाना था।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर ऐसे परिवारों से संपर्क किया, जो टीकों के बारे में भ्रांतियों के कारण अपने बच्चों को टीका लगवाने में झिझक दिखा रहे थे। टीम ने उन्हें टीकाकरण के लाभ, उसके वैज्ञानिक आधार तथा बीमारियों से सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। काउंसलिंग के परिणामस्वरूप कई परिवारों ने तुरंत अपने बच्चों को टीका लगवाने के लिए सहमति दी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि अभियान के तहत पहले ऐसे गांवों की पहचान की गई, जहां टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवार मौजूद थे। इसके बाद नियमित भ्रमण कर उन्हें जागरूक किया गया। परिणामस्वरूप सभी चिन्हित परिवारों ने न केवल अपने बच्चों को टीकाकरण करवाया बल्कि आगे भी निर्धारित समय पर टीके लगवाने का भरोसा दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्देव के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बिजेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि पूरे ब्लॉक में मात्र 14 ऐसे परिवार थे जो भ्रांतियों के कारण टीकाकरण से दूर थे। लेकिन संयुक्त प्रयासों से मंगलवार का दिन बेहद सफल रहा और अब तक वंचित सभी बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में यूनिसेफ और जेएसआई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टीकाकरण सत्रों के दौरान यूनिसेफ की डीएमसी पूनम यादव, संजय यादव, राजेश कुमार, विवेक सारस्वत, कुलदीप सारस्वत, अजय कुमार और उम्मेद सिंह ने सक्रिय सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि टीकाकरण उत्सव माह का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित और स्वस्थ रखना है, और इस दिशा में बल्देव ब्लॉक की यह उपलब्धि महत्वपूर्ण कदम है।