Wednesday, April 1, 2026

Bareilly News: कोतवाली से 200 मीटर पर चोरी की कोशिश, रिपोर्ट को लेकर व्यापारियों और कोतवाल में नोक-झोंक

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 10, 2025

Bareilly News: कोतवाली से 200 मीटर पर चोरी की कोशिश, रिपोर्ट को लेकर व्यापारियों और कोतवाल में नोक-झोंक

जागरण टुडे, बरेली

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना के नेतृत्व में पदाधिकारी मंगलवार को कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम से मिले और कपड़े की दुकान में चोरी के प्रयास की तहरीर दी। इस दौरान व्यापारियों और कोतवाल के बीच मामले को लेकर तीखी बहस हो गई। मामला बढ़ता देख कोतवाल ने तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इस संबंध में महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने बताया कि सोमवार को देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने पंजाबी मार्किट स्थित संदीप गारमेंट्स का शटर काटकर चोरी करने का प्रयास किया। बोर्ड को पत्थर मारकर लगभग 50000 रुपये का नुकसान कर फरार हो गए। बताया कि मौके पर मौजूद चौकीदार ने दो लोगों को पहचान लिया है। दुकान के सामने पुलिस का पिंक बूथ है पर वहां रात को कोई भी मौजूद नहीं रहता है। घटनास्थल से 200 मीटर की दूरी पर कोतवाली है। फिर भी व्यापारी सुरक्षित नहीं है।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ आए कुछ अन्य लोगों को देखकर कोतवाल ने सवाल किया कि आप लोग क्यों आए हो। इस पर पदाधिकारियों ने बताया कि हमारे साथ आए हैं। इस पर कोतवाल और पदाधिकारियों में तीखी बहस हुई। कोतवाल ने कहा कि आप नेतागिरी करने आए हैं। इस पर मामला तूल पकड़ गया। पदाधिकारियों ने कोतवाल को तर्क दिया कि हमें राजनीति चमकानी होती तो पूरे व्यापार मण्डल के साथ आते हैं। इस पर व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह बक्शी ने तहरीर वापस लेते हुए मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही।

मामला शांत होने के बाद कोतवाल ने फौरन बिहारीपुर और क़ुतुबखाना चौकी इंचार्ज को घटनास्थल पर भेजकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि व्यापारियों से किसी तरह की कोई बहस नहीं हुई, दुकान पर पत्थर मारने की तहरीर लेकर व्यापारी आए थे। इस पर उन्होंने पूछा था कि तहरीर लेकर आए हैं या ज्ञापन। उनकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.