Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS तेज रफ्तार बालू से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, पिता-पुत्री सहित तीन घायल, दो किशोरियां अलीगढ़ रेफर

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 23, 2025

KASGANJ NEWS तेज रफ्तार बालू से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, पिता-पुत्री सहित तीन घायल, दो किशोरियां अलीगढ़ रेफर


जागरण टुडे, कासगंज।


जनपद के गोरहा–सहावर मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डीएस इंटर कॉलेज के समीप तेज रफ्तार से आ रहे बालू से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार पिता, उसकी पुत्री सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ दूरी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी सोरों निवासी सत्यकिशोर अपनी 15 वर्षीय पुत्री उर्वसी के साथ सुबह करीब नौ बजे ई-रिक्शा से डीएस इंटर कॉलेज हरनाथपुर जा रहे थे। उसी दौरान गोरहा नहर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

हादसे में 15 वर्षीय उर्वसी पुत्री सत्यकिशोर, नेहा पुत्री हीरालाल तथा सत्यकिशोर घायल हो गए। तीनों घायल ब्रहाम्पुरी क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।

इधर, दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहा ट्रैक्टर कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। चालक को हल्की चोटें आई हैं और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो किशोरियों—उर्वसी और नेहा—की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि अभी तक घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और ओवरलोड बालू से भरे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.