जागरण टुडे,कासगंज।
समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर जिले में लगातार संगठन का विस्तार किया जा रहा है और युवाओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इसी क्रम में सपा युवजन सभा में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर कासगंज के सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव तथा सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रवि यादव ने युवजन सभा के जिला उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी कुश जाजू को सौंपी है। कुश जाजू, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. मृदल जाजू के पुत्र हैं और लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़े हुए माने जाते हैं।
जिम्मेदारी सौंपते हुए सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने कहा कि पार्टी को युवाओं से काफी उम्मीदें हैं। कुश जाजू जैसे शिक्षित और ऊर्जावान युवा संगठन को नई दिशा देने का कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि कुश जाजू पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा युवाओं को समाजवादी पार्टी से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
वहीं युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रवि यादव ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। कुश जाजू की नियुक्ति से युवजन सभा को नई ऊर्जा मिलेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका सकारात्मक असर दिखाई देगा।
नियुक्ति के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान प्रवेंद्र राना, मयंक यादव, पुष्पेंद्र यादव, मनोज यादव, कैलास यादव प्रधान, गगन यादव, सुधीर यादव, संजय प्रधान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अभिनाश राजपूत सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कुश जाजू को पुष्पहार पहनाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
कुश जाजू ने जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन के लिए कार्य करेंगे तथा समाजवादी पार्टी को मजबूती प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।